पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय झालावाड़ में गुरुवार को विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में हुई। बैठक से पहले कलेक्टर ने स्कूल में 32 लाख रुपए की लागत से निर्मित वोकेशनल लैब का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक एवं कौशल आधारित ज्ञान उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। इस अत्याधुनिक वोकेशनल लैब में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के व्यावसायिक कौशलों की प्रशिक्षणात्मक जानकारी दी जाएगी। इससे बच्चों में कम उम्र से ही तकनीकी समझ और रचनात्मक सोच का विकास हो सकेगा। लैब में विद्यार्थियों को विभिन्न उपकरणों और आधुनिक संसाधनों की सहायता से प्रायोगिक गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। बैठक में सत्र 2026-27 में कक्षा प्रथम एवं अन्य कक्षाओं में रिक्तियां होने पर केन्द्रीय विद्यालय संगठन की प्रवेश मार्गदर्शिका के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ करने की स्वीकृति दी गई। साथ ही, मार्च 2026 में सत्र 2026-27 के लिए संविदा शिक्षकों के साक्षात्कार आयोजित करने को भी मंजूरी मिली। इसके अलावा सत्र 2026-27 एवं 2027-28 के लिए विभिन्न फर्मों के पंजीकरण को भी स्वीकृति दी गई। विद्यालय परिसर में खेल मैदान की बाउंड्री के पास टॉयलेट व बाथरूम निर्माण, प्रातःकालीन सभा एवं अन्य गतिविधियों के लिए मंच तथा मंच के सामने सीमेंटेड फर्श निर्माण की अनुमति भी प्रदान की गई। सत्र 2025-26 के लिए विभागों के स्टॉक सत्यापन के बाद अनावश्यक सामग्री के निरस्तीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ करने, सत्र 2026-27 में बाल वाटिका-3 स्थापित करने, विद्यालय के सभी कक्षों एवं मुख्य भवन में आवश्यक विद्युत कार्य पूर्ण कराने, बाउंड्री वाल व भवन की मरम्मत तथा बाहरी व आंतरिक रंग-रोगन के कार्य कराने को भी स्वीकृति दी गई।
कलेक्टर ने इन सभी बिंदुओं पर चर्चा के बाद आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान कीं।


