झालावाड़ में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से करीब 6 लोग घायल हो गए। यह हादसा नेशनल हाईवे पर सुकेत के पास रेलवे ब्रिज पर हुआ। घायलों में एक किशोर भी शामिल है, जिन्हें झालावाड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, असनावर थाना क्षेत्र के अकोदिया तेलियाखेड़ी गांव के किसान अपनी धनिया की फसल ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर कोटा जिले की रामगंजमंडी बेचने जा रहे थे। सुकेत के निकट रेलवे ब्रिज पर ड्राइवर ने ब्रेक लगाए, लेकिन ब्रेक चिपक जाने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार करीब 6 लोग चोटिल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। टोल कंपनी की एम्बुलेंस सभी घायलों को झालावाड़ जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उनका इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार 2 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
झालावाड़ अस्पताल पहुंचने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने घायलों से घटना के संबंध में जानकारी ली और संबंधित पुलिस थाने को सूचित किया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की अन्य आवश्यक जांचें भी कराई जा रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए।


