झालावाड़ में रविवार सुबह बस स्टैंड के पास एक नाले में एक महिला का शव मिला। पुलिस ने शव की पहचान रेखा (58) के रूप में की है। कोतवाली पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सुबह बस स्टैंड के पास सफाईकर्मी पहुंचे तो उन्हें नाले में एक महिला का शव दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर झालावाड़ अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। शव के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर महिला की पहचान रेखा (58) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उनके पति रोशन को सूचना दी, जो रटलाई थाना क्षेत्र के गुराड़खेड़ा निवासी हैं। पति रोशन ने पुलिस को बताया कि रेखा शनिवार दोपहर अपने पीहर बारां जाने के लिए घर से निकली थीं। झालावाड़ अस्पताल पहुंचने पर पति रोशन ने शव की पहचान की, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में संदिग्ध अवस्था में मौत का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। सब इंस्पेक्टर कमलेश कुमार इस मामले की जांच कर रहे हैं।


