झालावाड़ जिले के मंडावर थाना क्षेत्र के नौलाव गांव निवासी एक पुताईकर्मी ने शुक्रवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में उसे झालावाड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंडावर पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंडावर थानाधिकारी पवन कुमार मीणा ने बताया कि मृतक की पहचान राम अवतार उर्फ कालू पुत्र बजरंग लाल कहार के रूप में हुई है। वह मंडावर स्थित चौरसिया धर्मशाला की ऊपरी मंजिल पर अपने परिवार के साथ रहता था। शुक्रवार रात उसने अपने कमरे में फंदा लगा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर पत्नी और साली उसे तुरंत झालावाड़ अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल चौकी पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाकर मंडावर पुलिस को सूचना दी।
शनिवार को मंडावर पुलिस झालावाड़ अस्पताल पहुंची। पुलिस ने परिजनों से रिपोर्ट लेकर संदिग्ध अवस्था में मौत का मामला दर्ज किया। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतक राम अवतार मकानों में पुताई का काम करता था। वह लंबे समय से अपना पैतृक गांव छोड़कर परिवार सहित मंडावर में ही रह रहा था। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।


