झालावाड़ जिले में रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के प्रथम चरण के तहत बिजली तंत्र सुदृढ़ीकरण के महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से जिले के 273 गांव सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता के अनुसार इस योजना के तहत 11 केवी के 22 फीडरों का विभाजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 63 फीडरों को कृषि और अकृषि श्रेणियों में अलग-अलग किया जाएगा। योजना में 158 फीडरों पर 370 नए ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही 80 फीडरों पर क्षतिग्रस्त केबल बदलने का कार्य भी शामिल है, जिससे विद्युत आपूर्ति में सुधार होगा। इन कार्यों के पूरा होने से झालावाड़ जिले का विद्युत तंत्र मजबूत होगा। उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध हो सकेगी, जिससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में वोल्टेज संबंधी समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा। इन कार्यों के निष्पादन के लिए पूर्व में एक फर्म को कार्यादेश जारी किया गया था। हालांकि, कार्य की धीमी प्रगति के कारण डिस्कॉम जयपुर के प्रबंधक एवं निदेशक ने संबंधित फर्म का कार्यादेश निरस्त कर दिया। कार्य को गति देने के उद्देश्य से अब यह कार्य एक अन्य फर्म को सौंपा गया है। वर्तमान में यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय के निर्णय के बाद इन कार्यों को तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाएगा।


