झालावाड़ परिवहन विभाग ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। विभाग ने इस साल 214 वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त किए हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 93 थी। लापरवाह वाहन चालकों के लाइसेंस 3 महीने के लिए निरस्त किए जाते हैं। परिवहन विभाग अधिकारी समीर जैन ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई लगातार की जा रही है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि साल 2025 में 214 लाइसेंस निरस्त किए गए हैं, जो पिछले साल 2024 के 93 लाइसेंसों की तुलना में दोगुने से भी अधिक हैं। साल 2025 में निरस्त किए गए लाइसेंसों में विभिन्न प्रकार के यातायात उल्लंघन शामिल हैं। इनमें गलत साइड चलने पर 22, खतरनाक/तेज गति से वाहन चलाने पर 42, शराब पीकर वाहन चलाने पर 43, बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 65, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने पर 16, एक से अधिक सवारी ले जाने पर 2 और सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 15 लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। इसके अलावा झालावाड़ जिले से बाहर महानगरों में लाल बत्ती का उल्लंघन करने की शिकायतें मिलने पर भी 9 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चिह्नित कर परिवहन विभाग भेजा जाता है। निर्धारित अवधि के लिए लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी यदि कोई व्यक्ति बिना लाइसेंस वाहन चलाता है, तो यह यातायात नियमों का उल्लंघन माना जाएगा और उस पर दोबारा कार्रवाई की जा सकती है।


