झालावाड़ में पुलिस ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 260 ग्राम अवैध स्मैक जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 40 लाख रुपए आंकी गई है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नागौर जिले के रोहिणा निवासी करण पारिक (22) पुत्र रामअवतार और रोल निवासी सुनील डिडेल (21) पुत्र संपतलाल के रूप में हुई है। कोतवाली थानाधिकारी मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जिला स्पेशल टीम के सहयोग से यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसारq आरोपी अकलेरा की तरफ से आ रहे थे। वे मुख्य हाईवे छोड़कर आकाशवाणी केंद्र वाले मार्ग से झालावाड़ मेडिकल कॉलेज के नजदीक से नागौर की तरफ पैदल जा रहे थे। गश्त और नाकेबंदी के दौरान आकाशवाणी के पीछे गिन्दौर रोड पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अवैध मादक पदार्थ स्मैक की खरीद-फरोख्त और इसके तस्करी नेटवर्क के बारे में आगे की जांच कर रही है। एसपी अमित कुमार ने सभी थानाधिकारियों को नशे के खिलाफ अधिक से अधिक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।


