झारखंड स्टेट हेल्थ सर्विस एसोसिएशन का चुनाव नए साल में 19 जनवरी को होना है। चुनाव में 19 पदों के लिए 23 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। लेकिन चुनाव से पहले ही कोषाध्यक्ष, 8 पदों में से 7 उपाध्यक्ष और 7 संयुक्त सचिव निर्विरोध चुने जा चुके हैं। दरअसल, सोमवार को झासा स्टेट इलेक्शन के लिए नामांकन की अंतिम तिथि थी। अंतिम दिन करीब आधा दर्जन उम्मीदवारों ने नामांकन किया। कुछ पदों पर उतने ही उम्मीदवारों ने नामांकन किया, जितने पद थे। लेकिन अध्यक्ष समेत कुछ पदों के लिए उम्मीदवारों की संख्या बढ़ती रही। नामांकन खत्म होते ही कोषाध्यक्ष पद में डॉ. स्टीफन खेस निर्विरोध चुने गए। संयुक्त सचिव के 7 पद के लिए रांची हेडक्वार्टर के लिए सदर अस्पताल रांची के ही लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. अजीत कुमार, कोल्हान के लिए चाईबासा सदर अस्पताल के डॉ. दिनेश चंद्र, दक्षिण छोटानागपुर के लिए सदर अस्पताल गुमला के डॉ. बालकृष्ण महतो, उत्तर छोटानागपुर के लिए सब डिवीजनल हॉस्पिटल बरही के डॉ. राहुल कुमार, पलामू के लिए सीएचसी चैनपुर के डॉ. चमन कुमार, संथाल के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज के डॉ. रणविजय कुमार और डेंटल विंग के लिए चक्रधरपुर सब डिविजनल हॉस्पिटल की डॉ. दीक्षा सिंघल चुने गए। इसके अलावा 8 पदों पर होने वाले उपाध्यक्ष चुनाव में भी 7 उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं। तीन पदों के लिए 9 उम्मीदवार होंगे आमने-सामने 19 जनवरी को होने वाले चुनाव में तीन पदों के लिए 9 उम्मीदवार आमने-सामने होंगे। अध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवार भिड़ेंगे। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विमलेश कुमार और सीएचसी अनगड़ा के प्रभारी रहे डॉ. अमरेंद्र प्रसाद आमने-सामने होंगे। वहीं, सचिव पद के लिए दो उम्मीदवार डॉ. कृष्ण मुरारी सिंह और डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह ने नामांकन किया है। संयोजक के एक पद के विरुद्ध 3 उम्मीदवार हैं। इसमें सदर अस्पताल देवघर के डॉ. शरद कुमार, सिविल सर्जन कार्यालय रांची के डॉ. सिद्धेश्वर बास्के और सीएचसी सिल्ली के डॉ. संतोष कुमार शामिल हैं। उपाध्यक्ष के 8 पद के विरुद्ध 7 उम्मीदवार चुने जा चुके हैं, सिर्फ कोल्हान के लिए दो उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।


