झुंझुनूं जिले ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चल रही मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना में पूरे राजस्थान में पहला स्थान हासिल किया है। जिले में सबसे अधिक महिलाओं के ऋण आवेदन तैयार कराए गए और रिकॉर्ड स्तर पर ऋण स्वीकृत करवाए गए। इस उपलब्धि के लिए अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर हनुमानगढ़ में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में झुंझुनूं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना के तहत संचालित मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना में झुंझुनूं ने पूरे प्रदेश में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। जिले में बड़ी संख्या में महिलाओं के ऋण आवेदन तैयार कर बैंक से स्वीकृति दिलाई गई, जिससे महिलाएं स्वरोजगार शुरू कर सकें। टीम वर्क से मिली सफलता
महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक विप्लव न्यौला ने बताया कि जिले की इस उपलब्धि के पीछे सुनियोजित टीम वर्क रहा। पूरे अभियान की निगरानी जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग कर रहे थे और विभाग तथा बैंकिंग संस्थाओं के समन्वय से यह लक्ष्य हासिल हुआ। बैंकिंग सेक्टर के अधिकारियों को भी मिलेगा सम्मान
राज्य स्तरीय समारोह में योजना को सफल बनाने वाले बैंकिंग सेक्टर के अधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तर पर सर्वाधिक ऋण आवेदन और स्वीकृति की श्रेणी में एलडीएम गोपाल प्रसाद को सम्मान मिलेगा। पंजाब नेशनल बैंक शाखा भी होगी सम्मानित
प्रदेश में सबसे अधिक राशि के ऋण स्वीकृत करने वाली बैंक शाखा की श्रेणी में पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक विकास शिवराण को भी सम्मानित किया जाएगा। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान में दूसरा स्थान
झुंझुनूं जिले के लिए यह दोहरी उपलब्धि है। जिले ने उद्यम प्रोत्साहन योजना में पहला स्थान हासिल किया, वहीं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान में पूरे राजस्थान में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।


