बंद मकानों के ताले तोड़कर लाखों की चोरी करने के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी सुखवीर उर्फ फौजी को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया है। मलसीसर थानाधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। आरोपी को पकड़ने के लिए टीम ने करीब 300 किलोमीटर के दायरे में गहन जांच की। रास्ते में लगे 500 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से कड़ियों को जोड़ा। पुलिस ने इस मामले में अब सुखवीर उर्फ फौजी पुत्र स्व. दल्लेराम, निवासी वार्ड नं. 07, भूना, हरियाणा को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस पहले ही 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें अतुल कुमार उर्फ आशु (निवासी फतेहाबाद, हरियाणा), अनिल उर्फ चिकना (निवासी टोहाना, हरियाणा) और कमल सोनी (निवासी भट्टूकलां, हरियाणा) शामिल है। यह था मामला
दरअसल, टमकोर निवासी पीड़ित ने मलसीसर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि वह सपरिवार जयपुर रहता है। पीछे से चोरों ने उसके पैतृक मकान और उसके छोटे भाई के कमरे के ताले तोड़कर सोने के हार, टॉप्स, चांदी की पायजेब (वजन करीब 270 ग्राम), इराक से लाई गई कीमती कंबलें, नए नोटों की गड्डियां और पहनने के कपड़े चोरी कर लिए थे। चोरों ने गांव के अन्य घरों को भी निशाना बनाया था। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू की थी।


