घरेलू एलपीजी सिलेंडर आज से महंगा हो गया है। तेल कंपनियों ने घरेलू सिलेंडर की कीमत 60 और कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 114 रुपए बढ़ाई है। इसका असर झुंझुनूं में भी रहेगा। झुंझुनूं में घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14.2 किग्रा) के दामों में भारी बढ़ोतरी की गई है। कल रात 12 बजे से नई दरें लागू हो गई हैं, जिससे महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। कल तक जो गैस सिलेंडर जिले में 871.50 रुपये में मिल रहा था, उसकी कीमत अब बढ़कर 931.50 रुपये हो गई है। यानी उपभोक्ताओं को अब हर सिलेंडर पर 60 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे। स्थानीय वितरकों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में अस्थिरता के चलते कंपनियों ने यह कदम उठाया है। अब रिफिल के लिए करना होगा लंबा इंतजार सिर्फ दाम ही नहीं बढ़े हैं, बल्कि सिलेंडर बुकिंग के नियमों में भी बदलाव किया गया है। पहले सिलेंडर प्राप्त करने के 21 दिन बाद उपभोक्ता अगली बुकिंग कर सकते थे। अब इस समय सीमा को बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। इसका सीधा मतलब है कि अब उपभोक्ता महीने में जल्दी-जल्दी सिलेंडर नहीं ले पाएंगे। इससे उन मध्यमवर्गीय परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जहां खपत ज्यादा है। देरी से पहुंचेगा सिलेंडर, बढ़ सकती है किल्लत बुकिंग की समय सीमा बढ़ने और आपूर्ति श्रृंखला में संभावित बाधाओं के कारण अब रसोई गैस की डिलीवरी में भी देरी होने की आशंका है। झुंझुनूं के स्थानीय निवासियों का कहना है कि एक तरफ महंगाई पहले से ही आसमान छू रही है, ऊपर से गैस के दामों में एकाएक 60 रुपये की वृद्धि ने घर का बजट बिगाड़ दिया है। 25 दिन के बुकिंग गैप ने “कोढ़ में खाज” वाला काम किया है, जिससे अब रसोई का प्रबंधन करना चुनौतीपूर्ण होगा।


