झुंझुनूं के सूरजगढ़ क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में विश्वास पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने सूरजगढ़ थाने में सीएलजी सदस्यों और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ एक बैठक की। बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट संकेत दिए कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी ने बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में विशेष गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल मुख्य सड़कों पर ही नहीं, बल्कि कस्बों और दूर-दराज के गांवों की गलियों में भी पुलिस की मौजूदगी नजर आनी चाहिए ताकि असामाजिक तत्वों में भय बना रहे। लोहे के एंगल लगी गाड़ियां जब्त होगी जमीन हड़पने और अवैध कब्जों की शिकायतों पर पुलिस बिना किसी दबाव के कठोरतम कार्रवाई करे। एसपी ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरतते हुए कहा कि काले शीशे और गाटर (लोहे के एंगल) लगी गाड़ियों को तुरंत जब्त कर कार्रवाई की जाए, क्योंकि अक्सर ऐसी गाड़ियों का इस्तेमाल वारदातों में होता है। बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड पर चिंता व्यक्त करते हुए एसपी ने साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता पर जोर दिया। चौकी खोलने की रखी मांग बैठक के दौरान ग्रामीणों ने सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए स्वामी सेही और घरडु चौराहे पर अस्थाई पुलिस चौकी खोलने की पुरजोर मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि इन पॉइंट्स पर आवाजाही अधिक होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस की तैनाती अनिवार्य है। पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों की इस मांग को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि इन संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे।


