झुंझुनूं एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने मंगलवार को बगड़ पुलिस थाने का दौरा किया। एसपी अचानक थाने पहुंचे। उन्होंने थाने की भौतिक व्यवस्थाओं, पुलिसिंग की गुणवत्ता की जांच की। साथ ही पेंडिंग पड़ी केस फाइलों पर कड़ा रुख अपनाया। एसपी ने पहले थाना परिसर चक्कर लगाया। इसके बाद महिला डेस्क पर जाकर शिकायतकर्ताओं की स्थिति के बारे में पूछताछ की। बाद में हवालात की व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने कहा- पुलिसिंग में अनुशासन सबसे पहली प्राथमिकता है। थाने के जवानों को उन्होंने ड्यूटी में मुस्तैदी और वर्दी की गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए। थाने में लंबित मुकदमों की बढ़ती संख्या पर एसपी ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ अपराध की स्थिति की समीक्षा की और निर्देश दिए। उन्होंने कहा- जो मामले लंबे समय से पेंडिंग हैं, उनकी जांच जल्द से जल्द पूरी कर चालान पेश किया जाए। महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों में बिना देरी के सख्त कार्रवाई हो और पीड़ितों को तुरंत सहायता दी जाए। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी ने कड़ा संदेश दिया। उन्होंने पुलिस को नशीले पदार्थ, जुआ, सट्टा, आबकारी और अवैध हथियारों के कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ प्रभावी ‘एक्शन प्लान’ बनाकर काम करने के निर्देश दिए। इसके बाद मालखाने में रखे सामान के रख-रखाव और पुराने रिकॉर्ड के अपडेट होने की स्थिति जांची। साथ ही जवानों के रहने के स्थान (बैरिक) और खाने की गुणवत्ता (मैस) का जायजा लिया।


