टांके में डूबे दो बच्चे, बचाने कूदी मां; मौत:पशुओं को पानी पिला रही थी महिला, मासूम खेलते हुए अचानक गिरे; परिवार में छाया मातम

बालोतरा जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र स्थित निम्बो की ढाणी में बुधवार दोपहर एक महिला और उसके दो बच्चों की टांके में डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान 6 वर्षीय अर्जुन पुत्र प्रेम कुमार और 3 वर्षीय धमेंद्र पुत्र प्रेम कुमार निवासी निम्बो की ढाणी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर गिड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खेलते समय टांके में गिरे बच्चे एएसआई करनाराम ने बताया- हीरा की ढाणी निवासी 27 वर्षीय देवी पत्नी प्रेम कुमार जाट अपने घर के पास बने टांके पर पशुओं को पानी पिला रही थीं। उनके दो छोटे बच्चे भी पास में खेल रहे थे। खेलते समय अचानक एक बच्चा संतुलन खोकर टांके में गिर गया। बच्चे को गिरता देख मां देवी उसे बचाने के लिए तुरंत टांके में उतर गईं। इसी दौरान दूसरा बच्चा भी फिसलकर टांके में जा गिरा। ग्रामीणों दोनों बच्चे और मां को बाहर निकाला महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को टांके से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गिड़ा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला और उनके दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *