अंबिकापुर में सड़क हादसे के बाद ट्रांसपोर्टर संजय सिंह की बेरहमी से पिटाई के मामले में सर्व हिंदू समाज और क्षत्रिय समाज ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सर्व हिंदू समाज ने कहा है कि आरोपी आदतन बदमाश है। आरोपियों ने ट्रांसपोर्टर का सिर कलम करने की धमकी दी। सर्व हिंदू समाज और क्षत्रिय समाज ने मॉब लिंचिंग और हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज करने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। मामले में ट्रांसपोर्टर के खिलाफ एक्सीडेंट का अपराध दर्ज किया है। अंबिकापुर के रिंगरोड में शुक्रवार की रात ट्रांसपोर्टर ने तेज रफ्तार में थार वाहन से जिला अस्पताल के चिकित्सक की कार को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद चिकित्सक के भाई और साथियों ने ट्रांसपोर्टर की बेदम पिटाई कर दी। चिकित्सक के भाई ने ट्रांसपोर्टर के लहूलुहान हो जाने के बाद भी उसके साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए सिर कलम करने की धमकी दी। हिंदू संगठनों ने सौंपा ज्ञापन
रविवार को हिंदू संगठनों ने एसपी के नाम पर एडिशनल एसपी अमोलक सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने पहुंचे सर्व हिंदू समाज के लोगों ने आरोपियों को आदतन बदमाश बताते हुए कहा कि पुलिस मामले में मॉब लिंचिंग और हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज करे। आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। मामले में पुलिस कड़ी कार्रवाई नहीं करती है तो सर्व हिंदू समाज और क्षत्रिय समाज उग्र आंदोलन करेगा। हेड कॉन्स्टेबल पर भी कार्रवाई की मांग
हिंदू संगठनों ने कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाया है। हिंदू संगठनों का आरोप है कि मौके पर पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल छत्रपाल सिंह पीड़ित की जान बचाने के बजाय अपराधियों से हाथ मिला रहे थे। मारपीट के वायरल वीडियो में यह भी दिख रहा है। मारपीट के वायरल वीडियो से भड़के हिंदू संगठन के लोगों ने कहा कि पुलिस कार्रवाई में कोताही बरतती है तो हिंदू समाज स्वयं कड़ी सजा देना जानता है। यह था मामला
शुक्रवार की रात ट्रांसपोर्टर संजय सिंह अपनी थार वाहन से प्रतापपुर नाके की ओर जा रहे थे। थार वाहन की शिवधारी कॉलोनी मोड़ पर चिकित्सक डा. वसीम अंसारी की हुंडई वर्ना कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वर्ना कार घूम गई और उसके एयरबैग खुल गए। कार के घूमने के दौरान पास ही ठेले पर खड़े युवकों की बाइक भी चपेट में आ गई। मौके पर ट्रांसपोर्टर संजय सिंह ने थार वाहन रोकी और घायलों की जानकारी लेने गए। उनपर कार सवार चिकित्सक को धमकाने का आरोप लगाते हुए डा. वसीम कुरैशी के भाई और अन्य युवकों ने संजय सिंह की करीब आधे घंटे तक बेदम पिटाई कर दी। लहूलुहान हालत में संजय सिंह से बेरहमी से मारपीट करने और धमकी देने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में युवकों ने वायरल कर दिया। हत्या के अपराध का मामला हुआ दर्ज
मारपीट में संजय सिंह के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। दो टांके भी लगे हैं। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद गांधीनगर पुलिस ने मामले में पूर्व में दर्ज अपराध में धारा 109 बीएनएस जोड़ दी है। सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने इसकी पुष्टि की है। इससे पहले, इस मामले में धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। ट्रांसपोर्टर के खिलाफ भी जुर्म दर्ज सड़क हादसे के मामले में, कार सवार डॉ. वसीम कुरैशी ने ट्रांसपोर्टर संजय सिंह पर आरोप लगाया है कि उन्होंने नशे की हालत में लापरवाहीपूर्वक थार वाहन चलाते हुए उनकी हुंडई कार को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने संजय सिंह के खिलाफ धारा 125(ए) और 281 के तहत मामला दर्ज किया है।


