भास्कर न्यूज | जालंधर निकाय चुनाव के नतीजे 21 दिसंबर को आएंगे। इसके बाद मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर समेत 85 पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। वैसे भी नए हाउस के गठन के चंद दिन बाकी है। ऐसे में निगम के टाउन हॉल में 40 लाख रुपए से रंगाई-पुताई, टेबल की मेंटेनेंस का काम कराया जा रहा है। कौंसलरों के लिए 150 कुर्सियां भी खरीदी जाएंगी। इसके लिए निगम ने काम शुरू कर दिया है। नए हाउस के गठन से पहले टाउन हॉल में सुंदर बना दिया जाएगा। इसमें 85 पार्षदों के लिए माइक, टेबल और कुर्सियां भी लगाई जाएंगी । मालूम हो कि निगम में दूसरी मंजिल पर हाउस की मीटिंग के लिए टाउन हॉल बना है। हालांकि कोविड से पहले हाउस की मीटिंग टाउन हॉल में होती थी, लेकिन कोरोना काल में कोविड गाइड लाइन का पालन के लिए टाउन हॉल में जगह कम बनी थी। इसलिए निगम हाउस की मीटिंग रेड क्रॉस भवन में कराई गई। वहीं 2 साल पहले भी टाउन हॉल में हाउस की मीटिंग हुई। फिलहाल 25 जनवरी 2023 से हाउस का कार्यकाल भी खत्म है। ऐसे में टाउन हॉल में मीटिंगें बंद हैं। वहीं टाउन हॉल का उपयोग नहीं होने से कुर्सियां और टेबल भी टूटने लगे हैं, जबकि 21 दिसंबर को निकाय चुनाव के नतीजे घोषित होंगे। इसके बाद नए हाउस का गठन होगा। वहीं मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर समेत 85 कौंसलरों के शपथ ग्रहण समारोह भी होना है। इसके लिए निगम प्रशासन ने पहले की तैयारियां शुरू कर दी है। इसके लिए 150 कुर्सियां, टेबल की मेंटेनेंस और पार्षदों के लिए माइक भी लगाए जाएंगे, ताकि जनप्रतिनिधि टेबल पर बैठकर एजेंडे पढ़कर बोल सकें। टाउन हॉल का काम 21 दिसंबर से पहले पूरा करने का प्रयास हैं, ताकि जनप्रतिधियियों का टॉउन हॉल में स्वागत हो सके। इस संबंध में एक्सईएन सुखविंदर सिंह ने कहा कि टाउन हॉल में रंगाई और मेंटेनेंस का काम कराया जा रहा है। यहां पर नई कुर्सियां भी लगेगी। ट्रेनिंग के बाद नहीं बढ़ी योजना नगर निगम में हाउस को डिजिटल करने की प्लानिंग हुई थी। इसके लिए वर्ष 2023 में मेयर, पार्षदों और अधिकारियों को डिजिटल हाउस की ट्रेनिंग भी दी थी, लेकिन ट्रेनिंग के बाद योजना एक कदम भी आगे नहीं बढ़ी। इसमें सभी पार्षदों को एजेंडा पढ़ने के लिए टैब दिए जाने थे और सीधे टैब पर ही एजेंडा खुलता। हालांकि निगम में ट्रेनिंग को एक साल हो चुका है।


