टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नसारवानजी टाटा की जयंती पर टाटा स्टील कंपनी परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन और टाटा स्टील के एशिया पैसिफिक के मैनेजिंग डायरेक्टर टीवी नरेंद्रन समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने संस्थापक की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। चंद्रशेखरन ने कहा कि इस बार रतन टाटा की अनुपस्थिति खली, लेकिन वे हमेशा हमारे दिलों में बसे रहेंगे। उन्होंने जमशेदपुर को टाटा की जन्मभूमि बताते हुए इसके महत्व को रेखांकित किया। रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे टाटा समूह के भविष्य की योजनाओं का खुलासा करते हुए चेयरमैन ने बताया कि गुजरात में चिप निर्माण की नई कंपनी स्थापित की गई है। असम में भी नया निवेश किया जा रहा है। मोबाइल फोन मैन्युफैक्चरिंग और बैटरी सेक्टर में बड़े निवेश की योजना है। 5G टेक्नोलॉजी में स्वदेशी तकनीक विकसित करने का काम चल रहा है। मेडिकल सेक्टर में एडवांस्ड रिसर्च के लिए मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है। चंद्रशेखरन ने चीन से प्रतिस्पर्धा के लिए सरकार से समर्थन की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में और अधिक निवेश किया जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।


