टिकट न मिलने पर बागी होकर मैदान में उतरे ‘आजाद’, 9 सीटें बनीं हॉट

शिवराज द्रुपद | अमृतसर नगर निगम चुनावी महासमर का निर्णायक फैसला 21 दिसंबर को होना है। शहर की 5 विस हलकों के सभी 85 वार्डों के लिए प्रमुख दलों समेत आजाद उम्मीदवार जमकर प्रचार कर रहे हैं। इस बार जहां पहले से चुनाव लड़ते आ रहे उम्मीदवार मैदान में हैं तो जिनको मौका नहीं मिला उन्होंने अपने परिजनों को उतार दिया। जबकि कई जगह पर टिकट न मिलने से बागी होकर आजाद चुनाव लड़ने वालों ने सीटों को हॉट बना दिया है। फिलहाल इस वक्त 10 सीटें ऐसी हैं जहां पर कांटे की टक्कर है और मुकाबला रोचक होना है। सबसे अधिक हॉट अर्थात ए कैटेगरी की हॉट सीट वार्ड 64 को माना जा रहा है। इसमें आम आदमी पार्टी के स्टेट मीडि या को-आर्डिनेटर गुरभेज सिंह संधू चुनाव लड़ रहे हैं। उनके मुकाबले बतौर आजाद चुनाव लड़ रहीं नीतू टांगरी मैदान मेंं हैं। नीतू बीते चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जीती थीं मगर सरकार बदलने के बाद आम आदमी पार्टी में चली गईं। फिलहाल वह आजाद चुनाव लड़ रही हैं लेकिन रस्मी तौर पर उनकी कांग्रेस में वापसी हो चुकी है और पूरी पार्टी उनके समर्थन में है। वार्ड 67 भी कम रोचक नहीं है। यहां पर जो भी मैदान में हैं वह एक दूसरे को कांटे की टक्कर देने वाले हैं। इस सीट से 5 बार पार्षद रह चुके अविनाश जौली अपनी पत्नी ममता जौली को चुनाव लड़ा रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ कांग्रेस की सीट से 2 बार पार्षद रह चुके प्रमोद कुमार बबला की बेटी नंदिनी मैदान में हैं। इन दोनों के बीच में त्रिकोणीय स्थिति पैदा कर रही हैं आम आदमी पार्टी की वंदना शर्मा। यह सीट जहां दोनों पूर्व पार्षदों के वजूद का सवाल है वहीं सत्तापक्ष के लिए उससे भी खास है। आम आदमी ने इस वार्ड से नया चेहरा उतार कर दांव खेला है। वार्ड 61 से कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री ममता दत्ता के मुकाबले भाजपा के पार्षद रहे बलदेव राज बग्गा की पत्नी रजनी महाजन चुनाव लड़ रही हैं, जबकि इन दोनों के बीच आप की संजना शर्मा ताल ठोंक रही हैं। इस कैटेगरी में वार्ड 4 से भाजपा युवा मोर्चा के प्रधान गौतम अरोड़ा, जो कि श्वेत मलिक के खासमखास माने जाते हैं, मैदान में हैं। उनके मुकाबले पूर्व पार्षद पूनम उमट के पति और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विजय कुमार उमट चुनाव लड़ रहे हैं। आप की तरफ से इस वार्ड में गुरप्रीत कटारिया हैं। वार्ड 6 से 2 बार पार्षद रहे अमन ऐरी तो आम आदमी पार्टी की तरफ से युवा नेता अंकुर गुप्ता मैदान में हैं। इसी तरह से वार्ड 52 से पूर्व डिप्टी सीएम ओपी सोनी के भतीजे विकास सोनी और आप के सनप्रीत सिंह आमने-सामने हैं। वहीं वार्ड 28 में पूर्व कांग्रेसी पार्षद विजय मदान के बेटे और युवा नेता मिट्ठू मदान मैदान में हैं। मिट्ठू नवजोत सिंह सिद्धू परिवार के खास माने जाते हैं। उनके मुकाबले वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव भंडारी तो कांग्रेसी पृष्ठभूमि के जीत सिंह भाटिया आप के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं वार्ड 30 से भाजपा की पार्षद रहीं रमा महाजन के सामने कांग्रेसी पार्षद शैलिंदर सिंह शैली, अकाली दल अवतार सिंह तो आप के रोहित मल्होत्रा मैदान में हैं। ममता जौली नंदिनी रजनी महाजन वार्ड 65 हॉट सीट बनी हुई है। इसमें पूर्व पार्षद राज कुमार जौली की पत्नी उमा जौली भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं। उनके मुकाबले पूर्व कांग्रेसी नेता रहे हरीश अरोड़ा उर्फ डिंपल अरोड़ा की पत्नी वीना अरोड़ा चुनाव लड़ रही हैं। डिंपल ने विगत में आप ज्वाइन की थी मगर इधर टिकट नहीं मिला तो आजाद तौर पर पत्नी को लड़ा रहे हैं। इन दोनों के बीच पूर्व पार्षद सुरिंदर चौधरी की पुत्र वधू नीरज चौधरी मैदान में हैं। इस वार्ड में हर चुनाव में झगड़े होते हैं और इस बार भी काफी संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *