टीएस बोले-फूलोदेवी नेताम अनुभवी, मिलेगा प्रदेश को लाभ:कहा-मीडिया उछालती है मेरा नाम, राज्यसभा के लिए मैने कभी नहीं की दावेदारी

पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सदस्य के लिए कांग्रेस ने फूलोदेवी नेताम को प्रत्याशी बनाया है। वे दूसरी बार राज्यसभा पहुंचेंगी। वे अनुभवी हैं और उनके अनुभव का लाभ छत्तीसगढ़ को मिलेगा। सिंहदेव ने कहा कि राज्यसभा के लिए कई दावेदार थे, अंतिम निर्णय संगठन का होता है। उन्होंने कहा कि मैने कभी भी राज्यसभा के लिए दावेदारी नहीं की। मीडिया ही दावेदार बना देती है। इस बार भी राज्यसभा के लिए नाम मीडिया ने ही उछाला था। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने राज्यसभा सदस्य के लिए दूसरी बार प्रत्याशी बनाए जाने पर फूलोदेवी नेताम को बधाई देते हुए कहा कि फूलोदेवी नेताम छत्तीसगढ़ का सशक्त प्रतिनिधित्व करेंगी। जागरूकता एवं जिम्मेदारी के साथ उन्होंने छह साल राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की बातों को रखा। पुराना उनका व्यापक अनुभव है। पंचायत प्रतिनिधि, संगठन, विधायक के रुप में काम किया। दो बार लोस चुनाव बहुत कम अंतर से हारीं। हाईकमान का यह अच्छा निर्णय है। मीडिया प्रेम में आता है नाम
सिंहदेव ने कहा कि मेरा नाम मीडिया प्रेम में उछलता है। हम लोगों के लिए यह कठिनाई हो गई है। बार-बार मीडिया मेरा नाम उछाल देती है। मुख्यमंत्री, प्रदेशध्यक्ष का पद हो या राज्यसभा का। जहां वो पहल नहीं हो रही है, वहां हम लोगों के लिए दुविधा की स्थिति बन जाती है। सिंहदेव ने कहा कि मैने कोई एप्लीकेशन नहीं दिया, मीडिया में यह आना नहीं चाहिए। मैंने कभी भी दावेदारी नहीं की। हम लोगों से करीब 20 से 25 लोगों ने संपर्क किया कि हम राज्यसभा में जाना चाहते हैं, महिलाएं भी थीं, जो राजनीति में सक्रिय हैं। अंतिम निर्णय के लिए पीसीसी अध्यक्ष से ही पूछा जाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *