टीकमगढ़ में खूब उड़ा रंग-गुलाल:सुबह से निकली युवाओं की टोलियां, अधिकारियों ने बुंदेली गीतों पर किया डांस

टीकमगढ़ में बुधवार को होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने अपने बंगले पर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पारंपरिक बुंदेली गीतों पर नृत्य करते हुए होली खेली। शहर भर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था। दरअसल, इस वर्ष होलिका दहन 2 मार्च को हुआ था। 3 मार्च को चंद्र ग्रहण के कारण लोगों ने होली नहीं खेली थी, जिसके चलते बुधवार को सुबह से ही सड़कों पर होली की धूम नजर आई। कलेक्टर विवेक श्रोतिय के बंगले पर एक विशेष होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें एसडीएम, तहसीलदार सहित कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। बुंदेली वाद्य यंत्रों और फाग गीतों के साथ पारंपरिक तरीके से होली खेली गई, जिसमें कलेक्टर सहित सभी अधिकारियों ने जमकर नृत्य किया। शहर में सुबह से ही युवाओं की टोलियां गुलाल लेकर निकलीं। छोटे बच्चे भी पिचकारियों के साथ होली के रंगों में रंगे नजर आए। भाजपा नेता विवेक चतुर्वेदी ने भी अपने निवास पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया। पूरे शहर में रंग और गुलाल का माहौल था। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात किए गए थे, जो पूरे दिन ड्यूटी पर रहे। पुलिस विभाग की ओर से गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। देखिए तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *