जिले के नगर परिषद लिधौरा के प्राचीन किलाधीश मंदिर में सोमवार को ठाकुर जी मिलन समारोह का आयोजन हुआ। जिसमें नगर के प्राचीन मंदिरों के भगवान एक साथ विराजमान किए गए। भगवान का मिलन समारोह देखने बड़ी संख्या में श्रद्धालु किलाधीश मंदिर पहुंचे। इस मौके पर मंदिर समिति की ओर से शाम 4 बजे से नगर भंडारा शुरू कराया गया। लिधौरा निवासी वरिष्ठ समाजसेवी रघुवीर सहाय पस्तोर ने बताया कि हर साल नगर में ठाकुर जी मिलन समारोह का आयोजन किया जाता है। आज सोमवती अमावस्या के पावन पर्व पर नगर के 17 प्राचीन मंदिरों के भगवान किलाधीश मंदिर में एकत्रित हुए। अलग-अलग मंदिर समितियों के सदस्य अपने-अपने मंदिरों से भगवान को विमान में विराजमान कर किलाधीश मंदिर ले गए। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने आरती उतार कर भगवान की पूजा अर्चना की। किलाधीश मंदिर समिति के सदस्यों ने भगवान की विधि विधान से अगवानी की। सभी 17 मंदिरों के ठाकुर जी को मंदिर परिसर में एक साथ विराजमान कर विधि विधान से आरती उतार कर पूजा अर्चना की गई। इसके बाद मंदिर समिति की ओर से प्रसाद वितरण और भंडारा शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि नगर भंडारे में लिधौरा के अलावा आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्र के श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने ठाकुर जी मिलन समारोह के दौरान क्षेत्र की सुख समृद्धि के लिए भगवान से प्रार्थना की। भजन संध्या का होगा आयोजन किलाधीश मंदिर समिति ने बताया कि ठाकुर जी मिलन समारोह के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया है। रात 8 बजे आरती के बाद सभी मंदिरों से आए ठाकुर जी को विदा किया जाएगा। इसके बाद भजन संध्या शुरू होगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


