टीकमगढ़ के मातृ धाम छिपरी में 7 दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। सोमवार को दोपहर में कलश यात्रा निकाली गई, जिसके बाद वृंदावन धाम से आईं साध्वी पीतांबरा देवी ने श्रीमद् भागवत कथा का आरंभ किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन संत रविशंकर महाराज और भाजपा जिला अध्यक्ष सरोज राजपूत ने किया। महोत्सव के पहले दिन गायक लीलाधर रैकवार और उनकी टीम ने बुंदेली गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। देर रात तक चले इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। यह महोत्सव छिपरी स्थित मां शारदा की पहाड़ी पर आयोजित किया जा रहा है, जहां दो साल पहले 70 फीट ऊंची भगवान सदाशिव की प्रतिमा स्थापित की गई थी। 9 से 15 फरवरी तक चलने वाले इस उत्सव में प्रतिदिन दोपहर में श्रीमद् भागवत कथा और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को मुस्कान प्रजापति अपनी टीम के साथ प्रस्तुति देंगी। इसके बाद 11 फरवरी को रवि अहिरवार, 12 फरवरी को जितेंद्र कुमार चौरसिया और 13 फरवरी को कविता शर्मा अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। 14 फरवरी को भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा भजनों की प्रस्तुति देंगे। महोत्सव का समापन महाशिवरात्रि के दिन, यानी 15 फरवरी को होगा। इस दिन सुबह 6 बजे से शिवार्चन का आयोजन किया जाएगा। शाम को इंडियन आइडल फेम पवनदीप राजन अपने भजनों से दर्शकों का मन मोहेंगे। महाशिवरात्रि महोत्सव की अन्य तस्वीरें…


