भास्कर न्यूज | लोहरदगा लोहरदगा में आयोजित बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य और सफल समापन को लेकर युवा नेता निश्चय वर्मा ने जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू व एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के बड़े खेल आयोजनों से न केवल युवाओं को प्रोत्साहन मिलता है बल्कि क्षेत्र की पहचान भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह, वीरेंद्र सहवाग, सौरभ तिवारी जैसे क्रिकेट सितारों की मौजूदगी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। इन दिग्गज खिलाड़ियों को अपने बीच पाकर स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। कहा कि पूर्व सांसद को हृदय से बधाई देता हूं जिन्होंने इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खेल समाज को जोड़ने का माध्यम है और क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेल के जरिए युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है। कहा कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति से यह स्पष्ट संदेश गया कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं आयोजन स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाएं भी सराहनीय रहीं। यह आयोजन न केवल खेल के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हुआ, बल्कि सामाजिक एकता और युवा सशक्तिकरण का भी संदेश देकर गया।


