भास्कर न्यूज | जालंधर शहर में वाहन चोर गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी के चार मामले दर्ज किए गए हैं। सभी मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना डिवीजन नंबर 1 के अंतर्गत मकसूदां फ्लाईओवर के पास बने अवैध साइकिल स्टैंड से करन निवासी बस्ती गुजां की मोटरसाइकिल (पीबी08-डीबी-5847) चोरी हो गई। पीड़ित के अनुसार वह बाइक स्टैंड पर लगाकर गया था और पर्ची भी ली थी, लेकिन शाम को लौटने पर बाइक गायब मिली। स्टैंड कर्मचारियों ने अनभिज्ञता जताई। निगम ने स्पष्ट किया कि उक्त साइकिल स्टैंड अवैध रूप से संचालित हो रहा था। इसी तरह थाना डिवीजन नंबर 2 के आदर्श नगर क्षेत्र से गुरप्रीत सिंह की सफेद एक्टिवा (पीबी08-सीक्यू-8654) चोरी हो गई। थाना बारादरी क्षेत्र में डेल्टा चैंबर के पास से राजन शर्मा की मोटरसाइकिल (एचपी19-ई-5633) चोरी हुई, जबकि थाना डिवीजन नंबर 6 में कार्डियो नोवा अस्पताल के बाहर से जतिंदरपाल सिंह की ग्रे एक्टिवा (पीबी08-सीडब्ल्यू-29 42) अज्ञात चोर ले गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकांश वारदातें अस्पताल, स्टैंड और रिहायशी इलाकों के बाहर हुई हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। इधर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना भार्गव कैंप की टीम ने अविनाश नामक आरोपी को गिरफ्तार कर एक मोटरसाइकिल बरामद की, जिस पर जाली नंबर प्लेट (पीबी10-एचएच-8236) लगी थी। वहीं स्पेशल सेल ने विकास सिंह को 213 ग्राम हेरोइन और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य मामलों का खुलासा करने में जुटी है।


