कांके थाना क्षेत्र के टेंडर गांव में मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सड़क विवाद को लेकर ग्रामीणों के दो गुट आमने-सामने आ गए। हालांकि गांव के कुछ समझदार लोगों की पहल से मामला बढ़ने से पहले ही शांत करा दिया गया। बताया जाता है कि टोंगरी टोला से महतो टोली जाने वाली सड़क पर 20 दिसंबर की रात टेंडर निवासी फूलदेव उरांव ने जेसीबी से बड़ा गड्ढा खोद दिया था, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। इस संबंध में लालदेव महतो सहित 60 से अधिक ग्रामीणों ने वरीय पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, कांके अंचलाधिकारी और थाना को लिखित शिकायत दी थी। बाद में ग्रामीणों ने स्वयं गड्ढा भरकर रास्ता चालू किया। मंगलवार को एक पक्ष द्वारा पुनः गड्ढा खोदने का प्रयास किया गया, जिसका ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क वर्षों पुरानी है और रैयती मालिक को मुआवजा भी दिया जा चुका है। वहीं निरंजन उरांव ने जमीन को अपना रैयती प्लॉट बताते हुए सड़क बंद करने की बात कही। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत मिली है और जांच के लिए अंचलाधिकारी से सहयोग लिया जा रहा है।


