राजधानी के 70 वार्डों में मंगलवार को राज्य सरकार का सुशासन तिहार शुरू हो गया। पहले दिन 17 सौ से ज्यादा शिकायतें अलग-अलग जोन में जमा की गईं। कहीं लोग अकेले तो कहीं भीड़ के साथ अपनी शिकायत करवाने पहुंचे। अवैध कब्जों और जलसंकट की शिकायतें लेकर लोग पहुंच रहे है। महतारी वंदन और प्रधान मंत्री आवास योजना के तहत सहायता न मिलने का आवेदन लेकर भी पहुंचने वाले मिले।
भास्कर टीम जोन-2 में निवेदिता स्कूल के पास लायंस क्लब के शिविर में राठौर चौक के पास रहने वाले सुधीर राठौर तथा उनके साथ कुछ लोग अवैध कब्जों की शिकायत लेकर पहुंचे थे। उन्होंने बताया चौक के पास सुबह-शाम जाम लगता है। रोड किनारे अवैध ठेले-गुमटियां लगा दी गईं हैं। भास्कर टीम जब वहां पहुंची तो चौक के चारो तरफ रोड पर 50 से ज्यादा ठेले खोमचे लगे थे। धूप की वजह से भीड़ नहीं थी लेकिन इन कब्जों के कारण रोड संकरी नजर आई। होर्डिग्स तो इतने लगे थे कि चौक के पास लाखों खर्च कर बनाया गया हमर अस्पताल दिखाई ही नहीं दे रहा था।
जलकुंभी और कीचड़ से आखिरी सांस ले रहे तालाब, बचाने आए लोग
महंत लक्ष्मीरायण दास वार्ड के यादव भवन गोवर्धन चौक में लगे शिविर में लोग खत्म हो रहे पहलदवा और बंधवा तालाब की शिकायत लेकर पहुंचे। बंशी कन्नौजे ने शिकायत में बताया दोनों तालाब जलकुंभी से पट गए हैं। साथ ही तालाब में कीचड़ और साफ-सफाई की स्थिति भी बुरी है। तालाब के पास एसटीपी लगाया जा रहा था। इसका काम भी पिछले कई दिनों से बंद है। स्मार्ट सिटी ने तालाब के चारों ओर सौंदर्यीकरण के नाम पर लाखों रुपए खर्च कर लाइट लगाई थी। अब सभी लाइट बंद हैं। आवेदन के बाद भी सालभर से नहीं आ रहा पैसा
जोन-7 के तात्यापारा वार्ड के लिए रामसागर पारा में बम्लेश्वरी मंदिर के पास लगे शिविर में चंदा साहू ने महतारी वंदन योजना के तहत पैसे नहीं मिलने की शिकायत लेकर पहुंची थी। युवती ने बताया सालभर पहले आवेदन किया था। वे पात्र हैं लेकिन इसके बावजूद उन्हें सहायता राशि ही दी जा रही है। कई धक्के खाकर अब इस उम्मीद से आई हूं कि यहां काम हो जाएगा। शिविर में एक महिला ने बताया पीएम आवास योजना के तहत तीन माह पहले आवेदन किया था। अब तक स्वीकृति नहीं मिली।
शिकायतें दूर करने का वादा पहले दिन 25 आवेदन हर वार्ड में
लायंस क्लब में दोपहर को 1 बजे तक महज 11 आवेदन पहुंचे थे। तात्यापारा वार्ड के बम्लेश्वरी मंदिर के पास लगे शिविर में दोपहर डेढ़ बजे तक महज 2 आवेदन पहुंचे थे। निगम अफसरों के अनुसार शाम को 5 बजे तक सभी 70 वार्डो में 1779 आवेदन पहुंचे। औसतन हर वार्ड में करीब 25 शिकायतें पहुंची। निगम और प्रशासन के अफसरों ने बताया कि हर शिकायतों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। सभी वार्डों में 11 अप्रैल तक शिविर लगेंगे। सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। 15 साल से नल नहीं, गर्मी में बोर सूखा और पानी के लिए जद्दोजहद
टिकरापारा के नंदी चौक में लगे शिविर में यादव मोहल्ला में रहने वाले शिकायत लेकर पहुंचे। यहां रहने वाले दुर्गेश यादव, अशोक पटेल, दीपक साहू, केशव प्रसाद यादव ने बताया पंद्रह साल से करीब 75 परिवारों वाले मोहल्ले के लिए निगम की ओर से नदी के पानी की व्यवस्था नहीं की गई। यहां रहने वाले लोग एक बोर के भरोसे रहते हैं। गर्मी शुरू होते ही हर साल की तरह बोर सूख गया है। अब इतने परिवारों काे पानी मिलना बंद हो गया। रोज टैंकर का इंतजार करना पड़ता है और टैंकर भी दूर खड़ा हो पाता है। वहीं से पानी लाकर उपयोग करना पड़ रहा है। मोहल्ले के लिए पाइपलाइन बिछाकर पीने का पानी मांगने आए हैं। शीघ्र होगी कार्रवाई सभी जनप्रतिनिधियों से कहा गया है कि वे वार्ड के लोगों को शिविर के बारे में जानकारी दें। किसी भी तरह की शिकायत और मांग होने पर वे शिविर में आवेदन कर सकते हैं। शिविर में पहुंचे सभी आवेदनों का संबंधित विभागों से तत्काल निराकरण कराया जाएगा।
मीनल चौबे, महापौर रायपुर


