सतना शहर में रंगों का त्योहार होली पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। बुधवार सुबह से ही शहर के प्रमुख चौराहों और मोहल्लों में रंग और गुलाल उड़ना शुरू हो गया। सेमरिया चौक पर जहां टैंकर से रंग की फुहारें छोड़ी गईं, वहीं कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के बंगले पर फाग गीत गाए गए। पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था और ड्रोन से निगरानी के बीच जिले में त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। शहर के सेमरिया चौक पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा सार्वजनिक होली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एक टैंकर में रंग घोलकर लोगों पर रंगों की बौछार की गई। डीजे की धुन पर युवाओं ने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए और जमकर नृत्य किया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं और पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा। कलेक्टर बंगले पर होली मिलन समारोह प्रशासनिक अधिकारियों और उनके परिवारों ने भी होली का पर्व एक साथ मिलकर मनाया। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के निवास पर होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। यहां प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी। इस अवसर पर फाग गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को और खुशनुमा बना दिया। इसके अलावा शहर में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा भी होली मिलन समारोह आयोजित किए गए। ड्रोन से निगरानी, चौराहों पर तैनात रही पुलिस त्योहार के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। हुड़दंग रोकने के लिए शहर के हर प्रमुख चौराहे और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। जमीन के साथ-साथ आसमान से ड्रोन कैमरों के जरिए भी निगरानी रखी गई, जिससे जिले में त्योहार बिना किसी विवाद के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


