टोंक की बेटी ने कराटे में जीता गोल्ड मेडल:गांव पहुंचने पर साक्षी का हुआ स्वागत-सत्कार

टोंक जिले के पीपलू तहसील के निमेड़ा निवासी साक्षी चौधरी ने कराटे में मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर की हुई स्कूली प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता है। इसी के साथ उसके गांव, स्कूल में खुशी की लहर दौड़ गई है। साक्षी का गांव पहुंचने पर जोरदार स्वागत-सत्कार हुआ। बुधवार शाम को यहां पहुंचने पर ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया है। इंदौर (मध्यप्रदेश) में आयोजित हुए 68वें नेशनल स्कूल गेम्स (शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता) अंडर 19-छात्रा वर्ग कराटे में यह मेडल जीता है। विजेता खिलाड़ी के प्रदेश में पहुंचने पर खेल प्रेमियों, परिजनों ने रेलवे स्टेशन पर स्वागत किया है।
20 से 24 दिसम्बर तक इंदौर में हुई प्रतियोगिता में माध्यमिक शिक्षा बीकानेर के निर्देशन में जोधपुर के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय खारडा, रणधीर के संयोजन में राजस्थान से 26 छात्र व 22 छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में साक्षी पुत्री प्रधान चौधरी ने 68 किलोग्राम कैटेगरी में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल जीत कर राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन किया है। साक्षी वर्तमान में जयपुर के कैम्बरीज कॉर्ट वर्ल्ड स्कूल में कक्षा 10 में अध्ययनरत है। बचपन से ही कराटे का था शौक
साक्षी को बचपन से ही कराटे का शौक था। ऐसे में पिता प्रधान चौधरी ने उसे एकेडमी में प्रवेश दिलाया। जहां प्रशिक्षण प्राप्त कर स्कूल गेम्स में जिलास्तर, राज्यस्तरीय कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके बाद लगातार प्रयास कर जोधपुर में हुए राष्ट्रीय स्तरीय प्रशिक्षण में हिस्सा लिया।
माध्यमिक शिक्षा बीकानेर निदेशालय प्रशिक्षण में नियुक्त रेखा शर्मा, सीमा यादव, परितोष ने बताया कि साक्षी बहुत ही होनहार व मेहनती छात्रा है। जिसके चलते उसे स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ है। साक्षी व प्रशिक्षकों के इंदौर से राजस्थान लौटने पर परिवारजनों, खेलप्रेमियों ने रेल्वे स्टेशन पर स्वागत किया। साक्षी चौधरी ने कहा कि निरंतर किए गए प्रयास से ही सफलता प्राप्त होती है। सभी को अपने लक्ष्य पर अडिंग रहना चाहिए। इनपुट: रवि विजयवर्गीय, पीपलू।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *