टोंक के शिवालयों में 111 किलो पंचमेवा की महाभोग प्रसादी:अमरनाथ महादेव की झांकी सजाई; हर हर महादेव के लगे जयकारे

टोंक जिले के अधिकांश हिस्सों में रविवार को महाशिव रात्रि पर्व मनाया जा रहा है। सुबह से शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं आ रहे हैं। लोग पूजा अर्चना कर खुशहाली की कामना कर रहे हैं। जिला मुख्यालय स्थित मंशापूर्ण महादेव मंदिर, दूधिया बालाजी स्थित पहाड़ी पर अमरनाथ बाबा के मंदिर पर श्रद्धा और उल्लास से महाशिवरात्रि पर्व मनाया जा रहा है। यहां दूधिया बालाजी के महामंडलेश्वर श्रीश्री महंत श्रीश्री 1008 रामदासजी महाराज (रामजी बाबा) के सानिध्य में भक्तों द्वारा शिवजी की पूजा-अर्चना कर भोग लगाया गया। महंत रामदास महाराज ने बताया कि सोमवार को 111 किलो पंचमेवा (ड्रायफ्रूट) महाभोग प्रसादी का भोग लगाया गया है। चार पहर के रुद्राभिषेक जलाभिषेक के साथ ही भव्य एवं महाभोग की मनमोहक झांकी अमरनाथ महादेव की सजाई गई है। इसके अलावा शहर के बनास नदी के पुराने पुल स्थित प्राचीन ओंकारेश्वर महादेव मन्दिर में महाशिवरात्रि पर्व में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसके अलावा जिले के बीसलपुर स्थित महादेव मंदिर में भगवान के दर्शन करने के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का दिनभर आना जाना रहा। नासिरदा में सैनी समाज ने निकाली शोभायात्रा
महाशिवरात्रि पर नासिरदा में सैनी समाज की ओर से आज भव्य शिव-पार्वती शोभायात्रा की भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा चारभुजा मंदिर से विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई। सुसज्जित रथ में विराजित शिव-पार्वती की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। डीजे पर बज रहे शिव भजनों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवा, महिलाएं और बच्चे नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। श्रद्धालु “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों से पूरे कस्बे को शिवभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। यात्रा मुख्य बाजार, बस स्टैंड सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई निकाली गई। रास्ते में जगह-जगह व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। घरों की छतों व बालकनियों से महिलाओं ने आरती उतारकर भगवान का आशीर्वाद लिया। शोभायात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। पूरी यात्रा के दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा और पुलिस व स्वयंसेवकों द्वारा व्यवस्था संभाली गई। महेंद्र धाकड़ ने बताया कि अंत में शोभायात्रा फिर से चारभुजा मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई, जहां भगवान शिव-पार्वती की आरती के समय सामूहिक प्रसादी वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से निकाली शोभायात्रा 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव के दौरान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय शाखा टोंक द्वारा शहर में जन-जन तक परमात्मा का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य शिव संदेश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा को पुरानी टोंक स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के प्रभु उपहार भवन से ब्रह्माकुमारी अपर्णा दीदी, पुरानी टोंक थाना एस एच ओ शंकरलाल, ब्रह्माकुमारी पूनम दीदी ब्रह्माकुमारी गुंजन दीदी राजयोगी बीके प्रहलाद भाई, ओम प्रकाश गुप्ता ने शिव ध्वज दिखाकर रवाना किया। बंबोर गेट, घंटाघर और मुख्य बाजार मार्ग से होते हुए यज्ञ के बालाजी स्थित राजयोग भवन में संपन्न हुई, जहां ब्रह्माकुमारी बीना दीदी द्वारा स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीवाईएसपी मृत्युंजय मिश्रा उपस्थित रहे। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा समाज में नैतिक मूल्यों के संवर्धन और राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से मानसिक स्थिरता प्रदान करने के प्रयासों की सराहना की। टोंक सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी अपर्णा दीदी ने शिव जयंती का आध्यात्मिक महत्व स्पष्ट करते हुए कहा कि वर्तमान संगम युग में सर्व आत्माओं के पिता परमपिता परमात्मा शिव अवतरित होकर दिव्य ज्ञान और सहज राजयोग का मार्गदर्शन दे रहे हैं, जिससे आत्माओं का जागरण एवं आंतरिक शक्तियों का सशक्तिकरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि उसी दिव्य अवतरण की स्मृति का पावन पर्व है। परमपिता परमात्मा शिव सर्वश्रेष्ठ, सर्वशक्तिमान, सर्वधर्म मान्य और सर्वोच्च हैं, परंतु सर्वव्यापी नहीं हैं। पुरानी टोंक सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी ऋतु दीदी ने विचार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *