राजस्थान के टोंक जिले में शुक्रवार को मौसम बदल गया। जिला मुख्यालय सहित अधिकतर इलाकों में हल्के बादल छाए रहे, जिससे हवा में नमी बढ़ी और सुबह हल्की ठंड महसूस हुई। अधिकतम तापमान करीब दो डिग्री गिरकर 29 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं, जबकि न्यूनतम तापमान भी 24 घंटे में एक डिग्री गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है। इसका असर गेहूं की फसल पर पड़ सकता है और कटाई में देरी हो सकती है। सुबह दस बजे तक रही नमी सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे। करीब एक सप्ताह बाद लोगों को सुबह पहले के मुकाबले ज्यादा ठंड का अहसास हुआ। कई लोगों ने हल्के ऊनी कपड़े पहने। सुबह दस बजे तक हवा में नमी बनी रही। बादल छाए रहने से धूप में अन्य दिनों जैसी तेजी नहीं दिखी, जिससे मौसम सुहाना रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट शुक्रवार को अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट के आसार बने। तापमान घटकर 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। वहीं न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 24 घंटे के भीतर आई इस गिरावट से सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस की गई। अगले दिनों में और बदल सकता है मौसम राजस्थान में मौसम फिर बदल सकता है। इसका असर टोंक जिले में भी देखने को मिल सकता है। तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो लोगों को ज्यादा गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा। तापमान नहीं बढ़ा तो गेहूं की कटाई होगी लेट इन दिनों तापमान ज्यादा नहीं बढ़ा तो गेहूं की फसल की कटाई में देरी हो सकती है। कम तापमान में गेहूं का दाना पकने और सूखने में ज्यादा समय लगता है। अगेती गेहूं की कटाई आमतौर पर मार्च के पहले सप्ताह से शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार तापमान गिरता रहा तो कटाई लेट हो सकती है। फिलहाल सरसों की फसल की कटाई तेजी से जारी है।


