टोंक जिले के निवाई उपखंड क्षेत्र में सोमवार सुबह अचानक मौसम में बदलाव देखा गया। 15–20 मिनट तक कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। हालांकि बारिश थमते ही मौसम साफ हो गया और धूप निकल आई। सोमवार सुबह बस्सी, बारेड़ा, नोहटा, भरथल, रजवास, झिलाय, किंवाड़ा, खिड़गी, भैरूपुरा, जामड़ोली और भांवता सहित आसपास के गांवों में बारिश दर्ज की गई। बारिश से कुछ समय के लिए मौसम सुहावना हो गया, लेकिन दोबारा तेज धूप निकलने से सर्दी का असर लगभग खत्म हो गया है। कटी सरसों की फसल पर संकट बेमौसम हुई इस बारिश से खेतों में कटी पड़ी सरसों की फसल को नुकसान होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि इस महीने पहले ही कई बार बारिश हो चुकी है, जिससे तैयार फसल प्रभावित हो रही है। ऐसे में एक और बारिश ने चिंता बढ़ा दी है। सुबह बारिश, फिर तेज धूप बारिश के बाद जिले के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। सुबह 10 बजे के बाद धूप तेज होने लगी। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बार जिले में सर्दी का असर सामान्य से कम रहा। जनवरी की शुरुआत में कुछ दिन कड़ाके की ठंड पड़ी, लेकिन वह ज्यादा समय तक नहीं टिकी। कोहरा भी कम पड़ा। मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर खासकर गेहूं की फसल पर पड़ा है, जिसकी बढ़वार उम्मीद के मुताबिक नहीं हो सकी।


