टोंक | बिजली डिस्कॉम ने करोड़ों रुपए की बकाया राशि वसूलने के लिए सोमवार को जिले में सख्त रुख अपनाया है। टोंक नगर परिषद पर रोड लाइटों और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के 20 करोड़ रुपए से अधिक बकाया होने के कारण निगम ने शहर के प्रमुख मार्गों की बिजली काट दी। इस कार्रवाई से घंटाघर, बड़ा कुआं, कलेक्ट्रेट, पटेल सर्किल, पुरानी टोंक और बस स्टैंड रोड सहित शहर का एक चौथाई हिस्सा अंधेरे में डूब गया। सिटी एईएन नवनीत गुर्जर के अनुसार, नगर परिषद को बार-बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया, जिसके चलते 3500 से अधिक रोड लाइटों का कनेक्शन काटा गया है। जिले भर में डिस्कॉम के कुल 30.76 करोड़ रुपए बकाया हैं, जिसमें सर्वाधिक 24.08 करोड़ रुपए नगर निकायों पर रोड लाइट पेटे बाकी हैं। इसके अलावा पंचायत, चिकित्सा और शिक्षा विभाग के कार्यालयों पर भी लाखों रुपए का बकाया चल रहा है।


