टोंक में विस्फोटक मिला आटा खाने से गाय की मौत:ब्लास्ट में जबड़ा फट गया था; गौसेवक बोले-कार्रवाई नहीं हुई तो 28 को होगा रोड जाम

टोंक में विस्फोटक मिला आटा खाने से घायल हुई गाय ने गुरुवार सुबह दम तोड़ दिया, जिसके बाद गुस्साए गौसेवक सोप-कोटड़ी सड़क मार्ग पर सोप पुलिस थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। 20 जनवरी को मोहम्मदपुरा के जंगल क्षेत्र में चरते समय एक गाय ने विस्फोटक मिला आटा खा लिया था, जिससे ब्लास्ट हो गया था। इसमें गाय का जबड़ा फट गया था। गौसेवकों ने सोप थाने पुलिस को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है। गौसेवकों ने कहा कि यदि पुलिस ने 7 दिन के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया, तो वे रोड जाम कर देंगे। अब देखिए, घटना से जुड़ी PHOTOS… आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी गोसेवा समिति जिलाध्यक्ष हनुमान चौधरी ने कहा- 2 दिन पहले गाय माता के साथ यह घटना हुई थी। गाय को इलाज के लिए सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, जहां पशु चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर आज उसकी मौत हो गई। हनुमान चौधरी ने धरने पर लोगों से कहा कि हमें पुलिस को आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए सात दिन का समय देना चाहिए। यदि पुलिस इस अवधि में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है, तो फिर हम रोड जाम करेंगे। जिलाध्यक्ष चौधरी ने धरना स्थल पर पानी की बोतल को हाथ में लेकर सौगंध खाई कि अगर सात दिन में आरोपियों को नहीं पकड़ा गया, तो यह गंगा मैया की सौगंध है। 28 जनवरी को रोड जाम कर दूंगा। इस पर सभी लोगों ने सहमति जताते हुए धरना खत्म कर दिया। सोप थाना प्रभारी का आश्वासन, जल्द होगी गिरफ्तारी
सोप थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया- गाय की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने थाने के बाहर आज धरना दिया था। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देने पर धरना खत्म कर दिया गया। पुलिस ने घटना के दिन ही अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। 15-20 दिन में आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इनपुट :सुरेश नागर, सोप

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *