टोंक में 32 कचरा-गाड़ियां बंद, भुगतान तक काम नहीं:ड्राइवर और हेल्पर ने किया प्रदर्शन, वार्डों में सफाई व्यवस्था प्रभावित

टोंक में दो माह से भुगतान नहीं मिलने पर हड़ताल शुरू हो गई। 32 कचरा गाड़ियां बंद रहने से वार्डों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। नगर परिषद क्षेत्र में डोर टू डोर कचरा संग्रहण करने वाले 50 से ज्यादा ड्राइवर और हेल्पर ने मानदेय, पीएफ और अन्य मांगों को लेकर काम बंद कर दिया। अस्तल रोड पर वाहन खड़े कर प्रदर्शन किया गया और भुगतान होने तक काम पर नहीं लौटने की चेतावनी दी गई। अस्तल रोड पर खड़े किए वाहन कचरा संग्रहण में लगी 32 गाड़ियों के ड्राइवर और हेल्पर सुबह अस्तल रोड पर इकट्ठा हुए। सभी ने अपने वाहन खड़े कर कार्य का बहिष्कार किया। हड़ताल के कारण आज वार्डों में कचरा संग्रहण नहीं हो सका। घरों में रखे डस्टबीन भर गए हैं और लोगों को परेशानी हो रही है। दो माह से नहीं मिला मानदेय ड्राइवर रोहित ने बताया कि वे एक कंपनी के माध्यम से काम कर रहे हैं। सभी ड्राइवर और हेल्पर डोर टू डोर गाड़ियां लेकर कचरा उठाते हैं। लेकिन उन्हें दो माह से मानदेय नहीं मिला है। उनका कहना है कि पीएफ की राशि भी जमा नहीं कराई जा रही। करीब छह सात माह पहले रविवार को महीने में एक दिन अवकाश देने की बात कही गई थी, लेकिन वह भी लागू नहीं हुई। मास्क और हैंड ग्लब्स जैसे सेफ्टी सामान भी नहीं दिए जा रहे, जिससे इन्फेक्शन का खतरा बना रहता है। सुपरवाइजर ने दिया आश्वासन सुपरवाइजर अंबिका प्रसाद जोशी ने कहा कि कुछ दिन में भुगतान करवा दिया जाएगा। फिलहाल कर्मचारियों ने साफ किया है कि भुगतान मिलने तक वे काम पर वापस नहीं आएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *