भास्कर न्यूज | कवर्धा पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने विधानसभा में बैगा आदिवासी किसानों की कृषि और सिंचाई की समस्या उठाई। उन्होंने जल संकट के कारण खेती में आ रही दिक्कतों का समाधान करने की मांग की। साथ ही, 2019 में हुए ट्यूबवेल खनन में अनियमितता की जांच की बात भी सदन में रखी। भावना बोहरा ने पूछा कि 2019 से 2024 तक जिले में कितने बैगा किसानों के खेतों में ट्यूबवेल खनन हुआ और कितने पंप लगाए गए। विभागीय मंत्री श्रीराम विचार नेताम की अनुपस्थिति में वन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि 2021 से 2024 तक बैगा किसानों के खेतों में कोई ट्यूबवेल खनन नहीं हुआ। इसलिए पंप प्रतिस्थापन की भी कोई जानकारी नहीं है। इस दौरान अनियमितता की कोई शिकायत भी नहीं मिली। पीएम जनमन योजना के तहत बैगा आदिवासियों के विकास, कृषि, शिक्षा और अधोसंरचना के लिए काम हो रहा है। भावना बोहरा ने पूछा कि 2019 में इन क्षेत्रों में 93 ट्यूबवेल खनन की स्वीकृति मिली थी। इसमें भारी अनियमितता हुई। प्रति ट्यूबवेल 94 हजार रुपये का भुगतान हुआ, लेकिन जीआई पाइप की जगह प्लास्टिक पाइप लगाया गया। उन्होंने जांच की मांग की। आदिवासी संस्कृति के संरक्षण पर उठाव सवाल: भावना बोहरा ने आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के सवाल पर मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि आदिवासी सांस्कृतिक दलों को सहायता योजना, देवगुड़ी निर्माण, शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोककला महोत्सव और आदिवासी परब सम्मान योजना चलाई जा रही हैं। पुरखौती मुक्तांगन संग्रहालय में जनजातीय कलाकारों की कला प्रदर्शित की जा रही है। कबीरधाम जिले में आदिवासी सांस्कृतिक दलों को 10 हजार रुपये की सहायता दी गई। अनुसूचित जनजाति छात्रावासों में शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति कार्यक्रम हुआ। 2024-25 में 69 सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 42.15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।


