दुर्ग जिले के सेक्टर-8 में मंगलवार शाम एक 50 वर्षीय महिला की बाथरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान रजनी देवांगन के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और CSP समेत फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि, रजनी देवांगन ट्यूशन पढ़ाती थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य थी। उनका बेटा डॉक्टर है, जबकि बेटी MBBS की पढ़ाई कर रही है। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। जब परिजनों को काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा। वहां बाथरूम में महिला की लाश मिली। माचिस की एक तीली मिली घटना स्थल पर बाथरूम का प्लास्टिक का दरवाजा जला मिला। इसके अलावा अंदर माचिस की एक तीली भी नजर आई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इसे संदिग्ध मान रही है। हालांकि अभी तक मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। पीएम रिपोर्ट में वजह होगी साफ फॉरेंसिक टीम ने बाथरूम और आसपास के हिस्से से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय घर के आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हुई। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।


