‘ट्रंप पीएम की बेइज्जती कर रहे, दबंग जवाब देना चाहिए’:गहलोत बोले- राहुल गांधी और 140 करोड़ की जनता प्रधानमंत्री के साथ, फिर किस बात का डर

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भारत और अमेरिका की ट्रेड डील पर कहा- ट्रंप हमारे पीएम की बेइज्जती कर रहे है तो दबंग होकर जवाब देना चाहिए। मोदी के साथ राहुल गांधी, पूरा विपक्ष और 140 करोड़ जनता है। फिर किस बात का डर है, ट्रंप से क्यों बेइज्जती करवा रहे हैं। अमेरिका का राष्ट्रपति होगा तो होगा, वे बहुत शर्मनाक बातें बोल रहे हैं। हिंदुस्तान में लोकतंत्र मजबूत है, मोदी आगे बढ़कर मुकाबला करें। अमेरिका द्वारा एक देश के राष्ट्रपति को किडनैप करके ले गया और दुनिया भर में कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इससे स्पष्ट है कि दुनिया में बहुत खतरनाक स्थिति बन रही है। गहलोत गुरुवार को दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा की भतीजी की शादी में पहुंचे थे। इसके बाद वे जिला अस्पताल में एक सिलिकोसिस पीड़ित मरीज से मिले। यहां उन्होंने मीडिया से बात की। ट्रंप अलग बात बोल रहे, हमारी सरकार अलग गहलोत ने ट्रेड डील पर कहा- इससे कन्फ्यूजन की स्थिति बनी हुई है। ऐसी सरकार कभी नहीं देखी, विदेश नीति हो या आर्थिक नीति, कहीं स्पष्टता नहीं है। ट्रंप अलग बात बोल रहे हैं, हमारी सरकार अलग बात बोल रही है। रशिया बोल रहा है कि तेल खरीद जारी है और अमेरिका कह रहा है कि भारत ने रशिया से सप्लाई बंद कर दी है, इस पर भारत सरकार चुपचाप सुन रही है। मेरा मानना है मोदी को चाहिए कि आजादी के बाद से ही रशिया हमारा मित्र देश है। सभी पीएम मोदी के साथ हैं, उन्हें ट्रम्प की बात का खुलकर जवाब देना चाहिए। राजस्थान मॉडल की धज्जियां उड़ा दी पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- हमारी सरकार ने हेल्थ सेक्टर में 25 लाख का बीमा और फ्री इलाज की सुविधा दी थी, लेकिन अब उसके लिए मरीजों को भटकना पड़ रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में राजस्थान मॉडल प्रदेश बना था, उसकी धज्जियां उडा दी हैं। ये इनकी संवेदनहीनता का प्रतीक है। इसके लिए मुख्यमंत्री को ​स्वास्थ्य और शिक्षा पर सबसे ज्यादा ध्यान देना चाहिए। पीएम को RSS से बात करनी चाहिए गहलोत ने कहा कि देश में भी हिन्दू-मुस्लिम करके बहुत तनाव पैदा कर दिया है तो फिर आगे क्या होगा इसकी चिंता लगी हुई है। देश में लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है, इसकी निंदा करता हूं। मोदी को यह एजेंडा बदलना चाहिए, आरएसएस से बात करनी चाहिए। इन्होंने हिन्दू—मुस्लिम का बहुत खतरनाक एजेंडा अपना रखा है। जवानों में बढ़ते हार्ट अटैक गंभीर विषय गहलोत ने युवाओं और बच्चों में बढ़ते कार्डियक अरेस्ट व अचानक मौतों पर चिंता जताते हुए कहा कि फिट दिखने वाले नौजवानों की ऐसी आकस्मिक मृत्यु समाज में एक गहरे डर और संदेह को जन्म दे रही है। राज्य और केंद्र सरकार से मांग करता हूं कि वे राजनीति से ऊपर उठकर इस मुद्दे पर एक उच्च-स्तरीय वैज्ञानिक जांच कमेटी बनाएं। जनता को यह जानने का हक है कि इन मौतों का असली कारण क्या है ताकि भविष्य में अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकें। इससे पहले गहलोत विधायक दीनदयाल बैरवा की भतीजी के शादी समारोह में शिरकत की। गणेशपुरा रोड स्थित मैरिज गार्डन पहुंचे और भतीजी को आशीर्वाद दिया। उनके साथ सांसद मुरारीलाल मीणा समेत कई नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *