पाली में देर रात ट्रक की टक्कर से कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि टक्कर के मृतक कॉन्स्टेबल दुर्गादान (45) के हाथ-पैर फ्रैक्चरहोने के साथ ही सीने की पसलियां तक टूट गई। मामला शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे बाद शहर के ट्रांसपोर्ट नगर थाना इलाके का है। द़ुर्गादान और कुछ पुलिसकर्मी हनुमान ढाबे पर खाना खाने रुके थे। दुर्गादान वैन से निकल रहे थे, तभी स्पीड में आ रही ट्रक ने टक्कर मार दी। मुठभेड़ वाली जगह पर एफएसएल टीम को ले गए थे दरअसल, सरवड़ी (बालोतरा) निवासी दुर्गाराम पाली पुलिस लाइन में पोस्टेड है। दुर्गादान एफएसएल टीम को गुरुवार रात खिंवाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ वाली जगह पर ले गए थे। इस मुठभेड़ में सीने में गोली लगने से भूटाराम (36) निवासी सरनाडा डांगियावास (जोधपुर) की मौत हो गई थी। ट्रांसपोर्ट नगर थाना अधिकारी हनुवंस सिंह सिसोदिया ने बताया दुर्गादान के साथ दो से तीन पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। एफएसएल टीम को वे दोबारा पाली लेकर आ रहे थे। इसी दौरान पाली-जयपुर हाईवे पर स्थित हनुमान ढाबे पर वे रुक गए। वैन में सवार लोग ढाबे पर चले गए थे। लेकिन, दुर्गाराम पानी की बोतल लेने के लिए वैन में ही रुके हुए थे। वैन उन्होंने ढाबे के पास सड़क किनारे खड़ी कर रखी थी। दुर्गाराम पानी की बोतल लेकर जैसे ही नीचे उतर ही रहे थे कि तभी सोजत की तरफ से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। कंधे पर मारी टक्कर, हाथ-पैर फ्रैक्चर हुए, सीने की पसलियां टूटी इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पाली एसपी मौके पर पहुंचे। इससे पूर्व वैन में उनके साथ मौजूद साथी पुलिसकर्मी उन्हें पाली शहर के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि ट्रक ड्राइवर ने पहले वैन को पीछे से टक्कर मारी। इस दौरान दुर्गादान वैन से उतर ही रहे थे। टक्कर लगते ही वैन तेजी से घुमी, जिसकी चपेट में दुर्गाराम भी आ गए। उनके कंधे की तरफ ट्रक ने टक्कर मारी। जिससे वे नीचे गिर गए। ऐसे में उनके हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए थे। इसके साथ ही सीने की पसलियां टूट गई थी। ये था पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ का मामला पाली एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बाली टीम को गाड़ी में डोडा पोस्त होने की सूचना मिली थी। इस पर खिंवाड़ा थाना क्षेत्र के दिवेर घाटी में दो जगह नाकाबंदी की गई थी। गुरुवार रात आगे चल रही एक गाड़ी ने यू-टर्न लिया और उसमें सवार बदमाशों ने भागते समय हवाई फायर किया। टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन बदमाश चकमा देकर फरार हो गए। दूसरी गाड़ी को फट्टा लगाकर रोकने का प्रयास किया गया। टायर पंचर हो गए, लेकिन गाड़ी नहीं रोकी गई। इसके बाद टीम ने बदमाशों को रोकने के लिए स्कॉर्पियो के सामने अपनी गाड़ी लगा दी। बदमाशों ने गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। इस दौरान हुई फायरिंग में सीने में गोली लगने से भूटाराम (36) निवासी सरनाडा डांगियावास (जोधपुर) की मौत हो गई। वहीं दिनेश उर्फ नैनाराम को हिरासत में लिया गया था। गाड़ी में डोडा पोस्त भरा हुआ था। ये खबर भी पढ़ें… पुलिस-बदमाशों के बीच फायरिंग, एक की मौत:तस्करी के शक में पीछा कर रही थी टीम, आरोपी के सीने में लगी गोली पाली जिले में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस की एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को दो गाड़ियों में नशे के सामान की तस्करी की सूचना मिली थी। आरोप है कि पीछा करने पर एक गाड़ी में सवार युवक ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके सीने में गोली लग गई। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वारदात गुरुवार देर रात खिंवाड़ा थाना क्षेत्र की है। (यहां पढ़ें पूरी खबर)


