भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर ब्लॉक खड़गवां में ट्रक चालक ने बिजली के खंभा को टक्कर मार दिया, जिससे शॉर्ट-सर्किट होने से ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई और पूरी रात ग्रामीण क्षेत्र में अंधेरा रहा है। मामले में जेई मुकेश मरावी की रिपोर्ट पर ट्रक चालक के खिलाफ थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। थाना से मिली जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल को घटना वाली रात करीब 9.50 बजे लाइनमैन द्वारिका प्रसाद तरंग ने मोबाइल फोन से सूचना दी कि मेन रोड खडगवां में थाना के सामने लगा बिजली पोल को ट्रक क्रमांक सीजी 08 एक्यू 8941 के चालक के द्वारा ट्रक को लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए टक्कर मारकर तोड़ दिया है, जिससे कुछ दूरी पर लगाए गए ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट-सर्किट होने से आग लग गई। इसके चलते आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में बिजली सप्लाई ठप हो गई है। सूचना मिलते ही टीम के साथ मौके पर पहुंचे और देखा कि थाना के सामने का बिजली पोल टूटा हुआ था और करीब 50 मीटर दूरी पर स्थित 100 केवीए क्षमता के ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई थी। घटना से बिजली विभाग को लगभग 3 लाख रुपए का नुकसान हुआ हैै।


