लुधियाना| चंडीगढ़ रोड पर गांव जंडियाली के पास शनिवार शाम एक बुजुर्ग की सड़क हादसे में जान चली गई। पैदल सड़क पार कर रहे 60 वर्षीय दविंदर कुमार को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सड़क पर ही गिर पड़े और कुछ ही देर में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय दविंदर कुमार गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना जमालपुर की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी मौके से जब्त कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि फरार चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


