भास्कर न्यूज | बालोद बिलासपुर में जिला कोर्ट के सामने सड़क हादसे में गुरूर तहसीलदार हनुमंत श्याम के बेटे मणिंद्र भूषण सिंह श्याम (23) की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मंगलवार को सुबह मणिंद्र अपनी बाइक से घूमने निकला था। जिसके बाद अपने रूम में जा रहा था। इस दौरान कोर्ट के निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास ट्रक और बाइक की टक्कर हो गई। सिर मंे गंभीर चोट लगने की वजह से युवक की मौत हो गई। मणिंद्र राजनांदगांव जिले के छुरिया का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार मंगलवार करीब 4 बजे युवक बाइक से कलेक्ट्रेट के पास जिला कोर्ट के सामने पहुंचा। इस दौरान निर्माणाधीन कोर्ट बिल्डिंग से ट्रक निकल रहा था। ड्राइवर ने मेन रोड के आजू-बाजू देखे बगैर ट्रक को सीधे रोड पर ले आया। अचानक सामने ट्रक आने से मणिंद्र हड़बड़ा गया और उसकी बाइक और ट्रक में सीधे टक्कर हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। उन्होंने हादसे सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद बुरी तरह से घायल छात्र को सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। जहां करीब 1 घंटे तक चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। मणिंद्र भूषण सिंह श्याम बिलासपुर में सकरी क्षेत्र के रामा लाइफ सिटी में किराए के मकान में रहकर पीएससी की तैयारी कर रहा था।


