ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मतगणना केंद्र का नजारा गुरुवार को किसी मेले से कम नहीं दिखा। मतगणना स्थल के बाहर खाने-पीने के स्टॉल, चाय-नाश्ते की दुकानें और फूलों की मालाओं की बिक्री जमकर होती रही। प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ के बीच दुकानदारों की अच्छी कमाई हुई। मौके पर पानी की बोतल, जिस पर अंकित मूल्य 15 रुपए था, 25 रुपए में बेची गई। वहीं समोसा, कचौड़ी और अन्य खाद्य पदार्थ भी सामान्य दिनों की तुलना में महंगे दामों पर बिकते रहे। समर्थक और कार्यकर्ता मजबूरी में अधिक कीमत चुकाकर सामान खरीदते नजर आए। फूल विक्रेताओं की भी मौज रही। जीत की उम्मीद में समर्थकों ने पहले से ही मालाएं खरीदनी शुरू कर दीं। एक माला की कीमत 60 रुपए तक पहुंच गई, जिसकी खूब बिक्री हुई। हालांकि, अव्यवस्था और महंगाई के बीच एक सकारात्मक पहलू यह रहा कि प्रशासन की ओर से पार्किंग की व्यवस्था काफी बेहतर की गई थी। बड़ी संख्या में वाहनों के बावजूद पार्किंग स्थल पर सुव्यवस्थित प्रबंधन देखने को मिला, जिससे लोगों को आने-जाने में अधिक परेशानी नहीं हुई।


