ट्रेनिंग से बदलेगी पहली से तीसरी तक की पढ़ाई

भास्कर न्यूज | कुकदूर सरकारी स्कूलों में कक्षा पहली से तीसरी तक की पढ़ाई को मजबूत करने पहल की जा रही है। इसे लेकर नवीन पाठ्य-पुस्तक आधारित एफएलएन (बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता) प्रशिक्षण का द्वितीय चरण कुकदूर में संपन्न हुआ। यह पांच दिवसीय प्रशिक्षण 10 से 15 जनवरी तक चला। इसमें 12 संकुलों के 125 प्राथमिक शिक्षक शामिल हुए। बच्चों को शुरुआती कक्षाओं में ही पढ़ना, लिखना और गणना में दक्ष बनाना प्रशिक्षण का लक्ष्य रहा। विशेष बात यह रही कि यह प्रशिक्षण सिर्फ सैद्धांतिक नहीं रहा, बल्कि कक्षा-कक्ष में सीधे लागू होने वाले व्यावहारिक तरीकों पर केंद्रित था। भाषा, गणित, पर्यावरण, अंग्रेजी, कला और योग जैसे विषयों को खेल-खेल में सीखने, गतिविधि आधारित शिक्षण, स्तरानुसार पढ़ाई और थीम आधारित अध्यापन से जोड़ने पर जोर दिया गया। नई शिक्षा नीति के अनुरूप चार-खंडीय शिक्षण ढांचा और 21वीं सदी के कौशलों को भी प्रशिक्षण का हिस्सा बनाया गया। प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को बताया कि कैसे पाठ्य-पुस्तक, अभ्यास पुस्तिका और शिक्षक संदर्शिका का समन्वय कर बच्चों की सीखने की गति को बेहतर किया जा सकता है। जादुई पिटारा, मेला विधि, पंचकोश, पंचादि प्रणाली और शिक्षण सहायक सामग्री का प्रयोग कर कठिन विषयों को सरल बनाने के तरीके सिखाए गए। साथ ही डिजिटल शिक्षा और आधुनिक मूल्यांकन पद्धतियों पर भी चर्चा हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *