उदयपुर शहर के पारस चौराहा पर ट्रेफिक पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने का एक वीडियो सामने आया है। इसमें दो युवक ड्यूटी पर तैनात ट्रेफिक पुलिस कर्मियों पर बेहद आक्रामक रूप से गाली-गलौज कर रहे हैं। वीडियो होली त्योहार पर दोपहर का है। जिसमें बदमाश पुलिस कर्मियों को बार-बार धक्का मारकर रोब झाड़ रहे हैं। एक बार तो नौबत हाथापाई तक आ गई थी। पुलिसकर्मी के हाथ में लगा वायरलेस सेट तोड़ दिया। उस वक्त ट्रेफिक पुलिसकर्मी उन्हें दूर हटाकर समझाइश का प्रयास करते रहे। घटनाक्रम के दौरान ट्रेफिक जाम हो गया और चारों तरफ लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब 20 मिनट रोड पर ये घटनाक्रम चला। मामले में ट्रेफिक हैड कांस्टेबल श्रवण कुमार ने सूरजपोल थाने में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जिसके बाद पुलिस ने इनमें से एक आरोपी अनिल हरिजन निवासी रेलवे स्टेशन कच्ची बस्ती को डिटेन कर लिया है। नशे में तू-तड़ाक करते हुए गालियां दी, धक्का-मुक्की की: थानाधिकारी
थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया कि आरोपी ऑटो में सवार थे और नशे में थे। पारस चौराहे पर कार सवार ने उनके ऑटो को मामूली टक्कर मार दी। जिस पर आरोपी आक्रोशित होते हुए ऑटो से बाहर निकले। तब तक कार जा चुकी थी। इसके बाद आरोपी चौराहे पर खड़े ट्रेफिक पुलिसकर्मियों से पूछने लगे कि कार ड्राइवर को क्यों नहीं रोका? तुम्हारी क्या ड्यूटी क्या यहां पर? इतने में आरोपी तू-तड़ाक पर आ गए और गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान उन्होंने ट्रेफिक पुलिसकर्मियों को बदसलूकी करते हुए धक्का-मुक्की। हालांकि पुलिसर्मियों ने सयंत बरतते हुए उनसे समझाइश का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। आक्रामकता दिखाते हुए पुलिस कर्मियों को गालियां देते रहे। मामले में एक आरोपी को पकड़ लिया है। जिससे पूछताछ जारी है। बाकी को जल्द पकड़ा जाएगा।


