ट्रेलर की चपेट में आए बाइक सवार:फेरी कर रायपुर से लौट रहे चाचा भतीजे की मौत, चालक फरार

दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना अंतर्गत चरोदा में सरिया से लोड एक ट्रेलर ने बाइक सवार दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसने भी दम तोड़ दिया। पुरानी भिलाई थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज से मिली जानकारी के मुताबिक दुर्घटना शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे जीई रोड़ में ज्योति विद्यालय चरोदा मिडिल कट के पास हुई। सरिया से लोड ट्रेलर MP 04 HE 9799 रायपुर से दुर्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्प्लेंडर प्लस मोटर सायकल DL 5S CG 6553 में सवार दो लड़के मोहनीश कुरैशी और सोहान कुरैशी आए। मिडिल कट के पास बाइक निकालने के दौरान उसे तेज रफ्तार ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेलर बाइक सवार दोनों लड़के के ऊपर से गुजर गया। हादसे में बाइक चालक मोहनीश कुरैशी की मौके पर ही मौत गई वहीं उसका भतीजा सोहान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद दोनो शव को मरचुरी में रखवा दिया। रविवार को उनका पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया है। फेरी का काम करके लौट रहे दोनों लड़के पुलिस के मुताबिक जिन दो लड़कों की मौत हुई है उसकी पहचान मोहनीश कुरैशी पिता अनीश (18 वर्ष) और घायल की पहचान सोहान कुरैशी पिता सराजू (14 वर्ष) निवासी ग्राम अदमपुर, थाना शहपुर, जिला मुजफ्फर नगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मोहनीश फेरी का कपड़ों की फेरी करने का काम करता है और जामा मस्जिद पॉवर हाउस छावनी भिलाई में किराये से रहता था। वहीं उसका भतीजा सोहान कुछ दिन पहले ही उत्तर प्रदेश से चाचा के पास आया था और शनिवार को उसके साथ फेरी करने रायपुर चला गया था। ड्राइवर गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों को भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंच गई। लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद ड्राइवर ट्रेलर को छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने ट्रेलर को जप्त कर थाने में खड़ा करा दिया है। इसके बाद ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने ट्रेलर मालिक को फोन करके थाने बुलवाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *