जयपुर के जमवारामगढ़ स्थित हाई-वे पर शुक्रवार तड़के केबल से भरे ट्रेलर में बेकाबू कार जा घुसी। हादसे के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हालांकि, आग लगने से पहले ही कार में सवार दोनों घायल युवकों को बाहर निकाल लिया गया। घायलों को जमवारामगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। फायर ब्रिगेड की मदद से 10 मिनट में आग पर काबू पाया। पुलिस की प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया कि ब्रेक नहीं लगने से ट्रेलर में कार जा घुसी थी। हादसे में उत्तर प्रदेश के बागपथ निवासी प्रियांशु और हिमांशु घायल हुए हैं। दोनों वाहनों में लगी आग के बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची जमवारागढ़ SHO भगवान सहाय ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब साढ़े 3 बजे जमवारामगढ़ स्थित हाई-वे से कार में सवार दोनों युवक जा रहे थे। इसी बीच पिलर नंबर-42 के पास आगे चल रहे केबल से भरे ट्रेलर में बेकाबू कार पीछे से जा घुसी। हादसे के बाद ट्रेलर ड्राइवर ने कार में घायल दोनों युवकों को बाहर निकाला, जिसके कुछ देर बाद ही कार में आग लग गई। आग की लपटों ने ट्रेलर को भी अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि हाई-वे पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिलने पर फायर बिग्रेड के साथ मौके पर पहुंची। फायर बिग्रेड की मदद से करीब 10 मिनट की मशक्कत कर दोनों वाहनों में लगी आग को बुझाया गया। घायल दोनों युवकों को स्थानीय हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। पुलिस का कहना है कि सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना दी गई थी। हॉस्पिटल में घायल एक युवक के पैर फ्रेक्चर हुआ है। दूसरे के अंदरुनी चोट आई है। ब्रेक नहीं लग पाने के चलते कार ट्रेलर में घुस गई। जयपुर से जुड़ी अपनी जनसमस्या और शहर की जमीनी हकीकत को पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें।


