राजसमंद में कांकरोली पुलिस ने ट्रैक्टर-टैंकर चोरी के मामले में 24 घंटे में खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-टैंकर बरामद किया है। कांकरोली पुलिस थाना इंचार्ज हंसाराम के अनुसार 2 मार्च को पनसिंह (32) पुत्र उदय सिंह निवासी सुदर्शन नगर, नौगामा ने कांकरोली पुलिस थाने पर रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में पनसिंह ने बताया कि 1 मार्च को शाम 7 बजे अपना ट्रैक्टर-टैंकर खेड़ाना रोड़ जैन ग्रेनाइट फैक्ट्री पर खड़ा करके घर गया था। उसके बाद जब 2 मार्च को सुबह जाकर देखा तो ट्रैक्टर-टैंकर नहीं मिले, जिसे कोई अज्ञात बदमाश चोरी करके ले गया है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने जैन ग्रेनाइट रीको एरिया का बारीकी से निरीक्षण करते हुए रीको एरिया में रात्रि के समय आने वाले संदिग्धों की सूची तैयार कर पूछताछ की। इसके अलावा 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए। जिसके बाद पुलिस ने संदिग्ध चुन्नीलाल (30) पुत्र वेणीराम गायरी निवासी पीपली डोडीयान को डिटेन कर पूछताछ की। जिसके चुन्नीलाल ने अपने साथी किशन लाल गायरी (25) निवासी गाडरी वास बिजनोल के साथ मिलकर चोरी की वारदात कबूल की। जिसके पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-टैंकर को बरामद किया। इसके अलावा चोरी की वारदात में काम आई एक बाइक भी जब्त की।


