लुधियाना| साहनेवाल रोड पर रविवार-सोमवार की रात करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां दो को मृत घोषित कर दिया और एक को प्राथमिक उपचार दिया गया। मृतकों की पहचान गुरपिंदर सिंह (22) पुत्र अवतार सिंह वासी गांव नंगल, गुरदासपुर और राजविंदर सिंह(19) पुत्र जरनैल सिंह वासी गुरदासपुर के रूप में हुई है। जबकि तीसरा अवतार सिंह मामूली रूप से घायल हुआ है। घायल अवतार सिंह ने बताया, वह गुरदासपुर से हरियाणा अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर जा रहे थे। जब वे साहनेवाल के पास पहुंचे, तो पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद थाना साहनेवाल पुलिस को सूचना दी। मामले में जांच अधिकारी साधू सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाया गया और फिर शव परिजनों को सौंप दिए गए।