बिलासपुर | सड़कों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे हाइवे पेट्रोलिंग की गाड़ी को ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा बुधवार रात करीब 9 बजे सकरी-सेंदरी मार्ग पर काके ढाबा के पास हुआ। घटना में पेट्रोलिंग वाहन चला रहे आरक्षक रघुराज को गंभीर चोट आई। इलाज के बाद आरक्षक की शिकायत पर पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ के जुर्म दर्ज किया है। बुधवार रात आरक्षक रघुराज शासकीय वाहन सीजी 03 9578 में हाईवे पेट्रोलिंग की ड्यूटी पर तैनात थे। करीब 9 बजे वह काके ढाबा के पास सड़क के बीच वाहन खड़ी थी, जिससे जाम की स्थिति बन रही थी। आरक्षक ने ट्रैफिक क्लियर कराने के लिए अपनी गाड़ी आगे बढ़ाई, तभी सकरी की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रेलर के चालक ने तेज और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए पेट्रोलिंग गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में आरक्षक रघुराज के दाहिने हाथ की कलाई और कंधे में गंभीर चोटें आई हैं। आरोपी भाग गया।


