जालंधर | दिशादीप संस्था की ओर से सीटी कैंपस शाहपुर में ट्रैफिक नियमों के संबंध में सेमिनार करवाया गया, जिसमें एडीसीपी ट्रैफिक गुरबाज सिंह व उनकी टीम ने विद्यार्थियों को ‘ट्रैफिक प्रबंधन में सहयोग व योगदान’ विषय पर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी के साथ शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के उद्देश्य के लिए हमें नौजवान व शिक्षित युवाओं की आवश्यकता है, जोकि अन्य नागरिकों को जागरूक करने में सहयोग करें और खासकर महिलाओं व बच्चों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करें। संगठन के संस्थापक और चीफ लायन एसएम सिंह ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी व जिम्मेदारी अन्य पुलिस कर्मियों के मुकाबले कहीं ज्यादा है। सारा दिन धूप-बारिश-गर्मी-सर्दी में यह हमारी जिंदगी की हिफाजत करते हैं। हमारा भी यह नैतिक दायित्व है कि हम इनका सहयोग करें। ट्रैफिक पुलिस की टीम ने विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों का पालन कड़ाई से करने के लिए प्रेरित किया और अन्य को भी प्रोत्साहित करने के लिए आगे आने की अपील की। यहां सुरिंदर भारती, एसपी सिंह, तरसेम जालंधरी, रमेश लखनपाल व अन्य लोग उपस्थित थे।


